Redmi Note 7 को भारत में 28 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च से पहले Xiaomi ने ट्विटर पर अपने प्रशंसकों के लिए एक कॉन्टेस्ट का आयोजन किया है। कंपनी ने एक तस्वीर में इंसान खोजने के लिए कहा है। इमेज में 7 नंबर का इस्तेमाल हुआ है और इसमें छिपे हुए मैसेज हैं जो इस रेडमी स्मार्टफोन के फीचर का खुलासा करते हैं। टीज़र में इस्तेमाल की गई तस्वीर से पता चला है कि भारत में लॉन्च होने वाले Redmi Note 7 वेरिएंट में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेसर और 48 मेगापिक्सल Sony IMX586 सेंसर हो सकता है। संभव है कि Xiaomi अपने Redmi Note 7 Pro के चीनी वेरिएंट को भारत में Redmi Note 7 के नाम से लाए। इसके अलावा Xiaomi के एक अधिकारी ने दावा किया है कि भविष्य में और मिड-रेंज स्मार्टफोन इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ आएंगे।
Redmi India के ट्विटर हैंडल से कुछ अनसुलझी पहेलियों वाले इमेज को साझा किया गया है। कॉन्टेस्ट इमेज में प्रशंसकों को तस्वीर में इंसान खोजने को कहा गया है। इंसान की खोज करते वक्त तस्वीर में हमें भी एक इशारा मिला है। तस्वीर इशारा देती है कि
रेडमी नोट 7 के भारतीय वेरिएंट में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर होगा। याद रहे कि बीते महीने चीन में लॉन्च किए गए Redmi Note 7 वेरिएंट में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर है। हो सकता है कि भारतीय वेरिएंट इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ आए। एक कमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए Redmi India ने यह भी इशारा दिया कि यह फोन 48 मेगापिक्सल Sony IMX586 सेंसर से लैस हो सकता है।
चीनी वेरिएंट Samsung GM1 सेंसर के साथ आता है। ये सारी जानकारियां भारत में
रेडमी नोट 7 प्रो को रेडमी नोट 7 के नाम से लॉन्च किए जाने की ओर इशारा है।
दूसरी तरफ, शाओमी के प्रोडक्ट मैनेजर वैंग टैंग थॉमस ने
वीबो पर खुलासा किया है कि इस साल कंपनी के और मिड-रेंज हैंडसेट इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ आएंगे। उन्होंने फोन के नाम का खुलासा तो नहीं किया, लेकिन यह ज़रूर बताया कि कंपनी इस साल ज़्यादा से ज़्यादा मिड रेंज स्मार्टफोन में इस फीचर को हिस्सा बनाना चाहेगी। यह एक बार फिर भारतीय वेरिएंट में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिए जाने का इशारा है।
अगर कंपनी वाकई में रेडमी नोट 7 प्रो को भारत में रेडमी नोट 7 के नाम से लाती है तो आपको बता दें कि Redmi Note 7 Pro की कीमत 1,499 चीनी युआन (करीब 15,800 रुपये) होने का दावा है। Redmi Note 7 Pro में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 675 प्रोसेसर होगा। जबकि रेडमी नोट 7 हैंडसेट में स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर है। यह 4000 एमएएच बैटरी और क्विक चार्ज 4 के साथ आएगा। इसका 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट हो सकता है।